कोलकाता। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता बाबुल सुप्रियो पर हुए हमले का असर कुछ ऐसा होगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। कोलकाता की सड़कों पर द्रौपदी ने चंडी का रूप धारण कर लिया। लोग हैरान रह गए महाभारत की द्रौपदी का ये रूप देखकर।
दरअसल बाबुल सुप्रियो पर हुए हमले के विरोध में भाजपा ने प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा सांसद रूपा गांगुली कर रही थीं। इस हमले से भाजपा कार्यकर्ता रोष में थे। उन्होंने जमकर हंगामा किया, नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में रूपा गांगुली के रौद्र रूप को देखकर हर कोई थोड़ी देर के लिए चौंक सा गया।
रूपा गुस्से से तिलमिला रहीं थीं। पुलिस वाले उन्हें रोक पाने में नाकाम रहे। भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में 17 लोग घायल भी हो गए। पुलिस ने 18 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं। देर शाम जाकर भाजपा का उग्र प्रदर्शन शांत हुआ।
गौरतलब है कि बाबुल सुप्रियो पर पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के आसनसोल में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया था। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके सीने पर पत्थर मारे थे।