नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) जो कभी अपनी उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए देश-दुनिया में विख्यात था, अब अलग-अलग कारणों से बदनाम हो रहा है। कभी ये देशद्रोही नारे लगाने वालों की वजह से चर्चा में आता है तो कभी कंडोम की वजह से। एक बार फिर से जेएनयू मीडिया की सुर्खियों में छा गया है।
यौन शोषण में आगे जेएनयू
इस बार जेएनयू शारीरिक शोषण की वजह से सुर्खियों में आया है। इस साल जेएनयू में यौन शोषण के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए हैं। सत्र 2015-16 में जेएनयू में शारीरिक शोषण के 39 मामले दर्ज किए गए। ये मामले जेएनयू के इतिहास में अभी तक सबसे ज्यादा हैं।
क्या है जेएनयू की रिपोर्ट?
जेंडर सेंसिटाइजेशन कमेटी अगेंस्ट सेक्सुअल हैरेसमेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेएनयू में इस साल शारीरिक शोषण के कुल 42 मामले दर्ज किए गए, लेकिन बाद में तीन मामले वापस ले लिए गए। इससे पहले, पिछले सत्र यानी 2014-2015 के दौरान भी विश्वविद्यालय प्रशासन को कैम्पस में यौन उत्पीड़न की 26 शिकायतें मिली थीं, जबकि 2013-2014 में यह संख्या 25 थी।
पहले भी हुए खुलासे
यौन उत्पीड़न के सबसे अधिक मामले सामने आने के बाद जेएनयू के अधिकारी इसे साजिश करार दे रहे हैं। आपको बता दें कि मोदी सरकार की पूर्व मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने जेएनयू में यौन शोषण के मामलों को लेकर पहले भी आलोचना की थी। उन्होंने संसद में दिए अपने भाषण में जेएनयू में यौन-शोषण के मामलों का जिक्र करते हुए कहा था कि दो वर्षों में जेएनयू प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों की संख्या तमाम शैक्षणिक संस्थानों में सबसे अधिक है।
विवादों में जेएनयू
जेएनयू पिछले साल भी यौन उत्पीड़न के मामलों की वजह से विवादों में रहा। जहां जेएनयू कैंपस में छात्रा के साथ रेप की वारदात सामने आई, वहीं एक बीजेपी नेता ने जेएनयू कैंपस में कंडोम मिलने का खुलासा किया। राजस्थान से भाजपा विधायक ज्ञानदेव ने कहा था कि ‘जेएनयू में रोजाना 3000 बीयर की बोतलें, 200 शराब की बोतलें, 10 हजार सिगरेट के टुकड़े, 4 हजार बीड़ी, 50 हजार हड्डियों के टुकड़े, 2 हजार चिप्स के पैकेट, 3 हजार उपयोग किए गए कंडोम और 500 गर्भपात के इंजेक्शन मिलते हैं।’
कन्हैया पर भी साबित हो चुका है आरोप
इतना ही नहीं, देशद्रोह का मुकदमा झेल रहे जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर भी एक लड़की से बदतमीजी करने का आरोप साबित हो चुका है। इसके लिए बाकायदा उसे जुर्माना तक भरना पड़ा था। कन्हैया की ही एक अन्य तस्वीर सोशल मीडिया में काफी वायरल हुई थी, जिसमें उसकी एक दोस्त उसकी गोद में बैठी हुई दिखाई गई थी।