बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रुति हसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में श्रुति खुद को बिच कह रही हैं। अपने वीडियो के जरिए श्रुति ने महिलाओं को ‘बिच’ कहने वाले पुरुषों को करारा जवाब दिया है।
आपको बता दें कि बिच उन लड़कियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो बोल्ड, बिंदास, मस्तमौला हैं, या यूं कहें जो पुरुषों के पैमाने पर खरी नहीं उतरतीं। इसका इस्तेमाल अपशब्द के तौर पर होता है, लेकिन श्रुति खुद को क्यों इस अपशब्द से जोड़ रही हैं?
अपने वीडियो में श्रुति ने इस शब्द के अलग-अलग मायने बताए हैं। ढ़ाई मिनट के इस वीडियो में श्रुति ने समझाने की कोशिश की है कि कैसे बिच शब्द का मतलब एक आदमी और औरत की नजर में कैसे अलग होता है। वीडियो की शुरुआत में श्रुति फोन पर बातचीत करती हैं। फोन पर वो किसी के सुनाए एक जोक का जिक्र करती हैं, जिसमें बिच शब्द आता है। श्रुति कहती हैं जिन महिलाओं पर पुरुषों का बस नहीं चलता है, वे उनके लिए बिच हो जाती हैं। वह कहती हैं कि अक्सर महत्वाकांक्षी और अपने दम पर कुछ करने वाली महिलाओं को भी बिच कह दिया जाता है।
वीडियो में श्रुति कहती हैं कि ये ‘बिच’ ही है, जो एक साथ कई काम करने की क्षमता रखती है। वो अपने बच्चों के लिए अपने सपने को कुर्बान करती हैं और वो अपनी मर्जी के कपड़े पहनती हैं, उसे दिल टूटने का डर नहीं है। श्रुति ने जिस बिंदास अंदाज में बिच शब्द को पेश किया है, उसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
श्रुति हसन का ये वीडियो जहां खूब वायरल हो रहा है, वहीं ट्विटर पर भी उन्हें लोगों का खूब समर्थन हासिल हो रहा है। अर्जुन रामपाल, राधिका आप्टे, श्वेता पंडित ने उन्हें इस वीडियो के लिए अपना समर्थन दिया है, तो सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उन्हें इस वीडियो के लिए सराहा है।