पंजाब में चुनाव प्रचार थम गया है और उत्तर प्रदेश में प्रचार अपने जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इनमें वे नाम हैं जिनको पहली सूची में जगह नहीं दी गई थी। तेज तर्रार नेता और सुल्तानपुर से सांसद वरुण गांधी, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी और विनय कटियार प्रदेश में तीसरे और चौथे चरण के चुनाव में प्रचार करते नजर आएंगे। प्रदेश में अपने कामकाज औऱ तीखे बयान के कारण वरुण गांधी चर्चा में रहते हैं। वरुण अपने लोकसभा इलाके के अतिरिक्त दूसरे इलाकों में भी विकास के काम कराते नजर आते हैं और यही वजह है कि प्रदेश के कई नेता उन्हें पसंद नहीं करते।
वरुण की मां और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पहले दो चरण के चुनाव में शीर्ष प्रचारकों में शामिल हैं, वहीं उन्हें दूसरी लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है। यूपी में 19 और 23 फऱवरी को क्रमशः तीसरे और चौथे चरण का चुनाव होना है।
बीजेपी ने चुनाव आयोग को अपने स्टार प्रचारकों की सूची सौंपी है। 40 प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय मंत्री, सांसद और स्थानीय नेताओं के नाम शामिल हैं। स्टार प्रचारकों में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, राजनाथ सिंह, कलराज मिश्र, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, स्मृति ईरानी, उमा भारती का नाम शामिल है।