नई दिल्ली। उरी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्ते में तनाव बढ़ गया है। पाक की ओर से हमले की धमकी दी गई तो भारत ने भी उसे खुली चेतावनी दे दी। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान की ओर से हमला हुआ तो हमारे सैनिक ट्रिगर पर उंगली रखेंगे और गोलियां भी नहीं गिनेंगे। राजनाथ सिंह ने सीमा सुरक्षा बल को हर स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा है।
पाक सीमा से सटे बाड़मेर के मुनाबाव में सीमा चौकियों के दौरे के दौरान राजनाथ सिंह तल्ख दिखे। उन्होंने सेना में जोश भरे शब्द कहे तो पाकिस्तान को कड़ा संदेश भी दे दिया। उन्होंने कहा कि भारत कभी किसी पर आक्रमण नहीं करता। आक्रमण हमारी नीति नहीं, लेकिन अगर हमारी तरफ अगर कोई बुरी निगाह डालेगा और हम पर आक्रमण करेगा तो फिर हमारे सैनिक ट्रिगर पर उंगली रख देते हैं। फिर हम बंदूक से निकली हुई गोलियों की गिनती नहीं करते हैं।
राजनाथ सिंह ने जवानों के जज्बे को सलाम करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके लिए और बेहतर व्यवस्था करेगी। मुनाबाव चौकी का दौरा करने के दौरान राजनाथ सिंह स्कूटर पर बैठकर शिफ्टिंग डयून्स सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीमा चौकी मुरार के अलावा नलका ,सोमागेप आदि क्षेत्र का भी दौरा किया। उन्होंने जवानों की हिम्मत बढ़ाई और उनके साहस और वीरता के लिए उनकी प्रशंसा की।