मुंबई में पकड़ा गया 10 करोड़ रुपए का कैश महाराष्ट्र सरकार की मंत्री पंकजा मुंडे और उनकी सांसद बहन प्रीतम मुंडे के को-ऑपरेटिव बैंक का निकला। सांसद प्रीतम ने इस मामले में कहा- “मुंबई ब्रांच से पुणे ब्रांच में ले जाया जा रहे कैश का पूरा हिसाब बैंक के पास है।” गुरुवार को मुंबई में एक कार से पुलिस ने 10 करोड़ 10 लाख रुपए का कैश बरामद किया था। इसमें 10 लाख रुपए 2000 रुपए के नए नोटाें में थे।
पुलिस ने गुरुवार को घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड स्थित छेड़ा नगर के पास यह कैश पकड़ा था। इसे बोरों में भरकर मुंबई से पुणे ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। प्रीतम के अनुसार यह पैसा कॉआपरेटिव बैंक का है तो फिर इसे बोरों में भरकर क्यूं ले जाया जा रहा था।
यह छापेमारी एन्फोर्समेंट डायरोक्टोरेट (ईडी), इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और मुंबई पुलिस ने की थी। पकड़ी गई रकम में 10 करोड़ रुपए 500 के पुराने नोट और बाकी के 10 लाख 2000 के नए नोटों में मिले थे। डीसीपी शाहजी उमाप ने बताया कि यह कार्रवाई इंटेलिजेंस इनपुट्स पर की गई थी। पूरा कैश कार से बरामद हुआ था।