लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता गायत्री प्रजापति आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने गायत्री प्रजापति को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। उन्हें आलमबाग पुलिस स्टेशन में रखा गया है। रेप और गैंगरेप के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से वो लगातार फरार चल रहे थे। 27 फरवरी से ही वह भागे हुए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहे थे।
लखनऊ की गौमतपल्ली थाना पुलिस ने मंगलवार को प्रजापति के बेटे अनुराग और अनिल को हिरासत में लिया था। पुलिस ने उनके बेटों पर आरोपियों को शरण देने का आरोप लगाया। जिसके 24 घंटों के बाद ही पुलिस ने गायत्री प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरान गायत्री प्रजापित को गिरफ्तार नहीं कर पाने के कारण अखिलेश यादव सरकार की काफी आलोचना भी हुई थी। भाजपा ने गायत्री प्रजापति के फरार होने को एक मुद्दा बना दिया था। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि अगर यूपी में भाजपा की सरकार बनती है तो वो पाताल से भी गायत्री प्रजापति को ढूढ़ निकलवाएंगे।