इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही इलाहाबाद में बसपा नेता की हत्या का मामला सामने आया है। इलाहाबाद के बीएसपी नेता मोहम्मद शमी की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इलाहाबाद के मऊआइमा थाना इलाके में 60साल के शमी अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात जब वो रात करीब 9.15 बजे अपनी कार पार्क करके घर का गेट खोल रहे थे, तभी वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली मारकर हमलावार फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर परिवार वाले बाहर निकलें तो उन्होंने देखा कि शमी खून से लथपथ थे। उन्हें फौरन अस्पातल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई थी। बसपा नेता मोहम्मत शमी इस बार भाजपा प्रत्याशी से मात्र 4 वोट से हार गए थे। अपने नेता की मौत की खबर सुनकर उनके समर्थक वहां जमा हो गए। उन्होंने इलाहाबाद-प्रतापगढ़ हाईवे को भी जाम कर दिया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें वहां से हटाया गया। बसपा समर्थकों ने पुलिस को फौरन हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।