पटना। बिहार के कटियार में बैंक मैनेजर द्वारा लोन लेने आई एक महिला से बलात्कार किये जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय अखबारों के मुताबिक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की डुमरिया बरारी ब्रांच मैनेजर ने अपने एक साथ के साथ मिलकर लोन देने के बहाने एक महिला से दुष्कर्म किया। यही नहीं स्थानीय पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला भी दर्ज नहीं किया। बाद में कोर्ट के दखल और निर्देश पर थाने में केस दर्ज हुआ।
थाने में दर्ज केस के मुताबिक, ब्रांच मैनेज विवेक कुमार और उसके साथी अर्जुन राम ने अक्टूबर में एक महिला को लोन देने के बहाने एक घर में बुलाया। महिला जब वहां पहुंची तो उन लोगों ने घर को अंदर से बंद कर दिया और उसके साथ बलात्कार किया। बाद में उसे धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को न बताए।
इसके बावजूद हिम्मत दिखाते हुए महिला जब थाने पहुंची तो वहां उसका केस दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता ने इस घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में लिखित तौर पर दी। इसके बाद भी नगर थाना में केस दर्ज नहीं हुआ।
इसके बाद महिला कोर्ट में याचिका दायर की। फिर कोर्ट के आदेश पर स्थानीय पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू हो गई है। उधर, ब्रांच मैनेजर विवेक कुमार ने कहा कि युवती और उसके परिजन लोन पास नहीं किये जाने के कारण झूठा केस बना रहे हैं।