नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करने के चंद दिनों बाद ही दिल्ली के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के घर पर हमला हुआ है। रात करीब 1 बजे के आसपास उनके घर पर 8 से 10 लोगों ने हमला बोला। खुद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। हलांकि जिस वक्त ये हमला हुआ उस वक्त वो घर पर मौजूद नहीं थे। वहीं दिल्ली पुलिस के मुताबिक हमला एक रोड रेज के बाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक मनोज तिवारी के घर के पास एक मोड़ पर मनोज तिवारी के स्टॉफ की स्कोर्पियो कार और एक वैगनआर कार में मामूली टक्कर हो गई। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद 8 सेे 10लोगों ने उनके निजी सहायक अभिनव मिश्रा और उनके रसोइए के साथ मारपीट भी की।
हमले में मनोज तिवारी के स्टाफ के 2 लोग घायल भी हुए हैं। यह पूरी वारदात घर के सीसीटीवी में कैद हो गई है। मनोज तिवारी ने इस हमले को साजिश करार देते हुए कहा कि हमलावरों को उनका नाम तक पता था। पुलिस ने 4 लोगों को इस हमले के आरोप में गिरफ्तार किया है। जबकि बाकी की तलाश की जा रही है।