नरेंद्र मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद जहां 5 लाख करोड़ से अधिक की रकम बैंक खातों में जमा हो चुकी है। वहीं जन-धन खातों के आंकड़े बड़े दिलचस्प हैं। 8 नवंबर के बाद से अब तक जन धन खातों में जमा राशि बढ़कर 64,252.15 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गई है इस मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जहां लोगों ने 10,670 करोड़ रुपये जमा कराए हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल और राजस्थान का नंबर आता है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने लोकसभा में दिए लिखित जवाब में कहा-
- 16 नवंबर तक प्रधानमंत्री जन धन योजना के 25.58 करोड़ खातों में 64,252 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं।
- उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 3.79 करोड़ खाते हैं और यहां 10,670 करोड़ की राशि जमा हुई हैं।
- इसके बाद पश्चिम बंगाल का नंबर आता है, जहां 2.44 करोड़ खातों में 7,826 करोड़ रुपये जमा हुए हैं।
- राजस्थान का तीसरा नंबर है, जहां 1.89 करोड़ खातों में 5,345.57 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं।
- वहीं बिहार में 16 नवंबर तक 2.62 करोड़ जनधन खातों में 4,912.79 करोड़ की राशि जमा हुई।
संतोष गंगवार ने बताया कि कुल 25.58 करोड़ जन धन खातों में से 5.98 करोड़ यानी 23.02 पर्सेंट खाते जीरो बैलेंस वाले हैं। वित्त राज्य मंत्री ने बताया, ‘सभी सरकारी बैंकों ने इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए थे कि जीरो बैलेंस के खातों में 1 या 2 रुपये जमा करें।’